जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण के लिए पुलिस अभिरक्षा में मौजूद हत्यारोपी कुलदीप अवस्थी व विकल्प अवस्थी
- फोटो : अमर उजाला
औरैया के नारायनपुर मोहल्ले में हनुमान मंदिर पर अधिवक्ता मंजुल चौबे व उनकी चचेरी बहन सुधा की हत्या के मामले में मंगलवार की रात गिरफ्तार किए गए दो इनामी हत्यारोपी कुलदीप अवस्थी व विकल्प अवस्थी को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। दोनों पर पुलिस ने 25-25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। इस मामले में आठ नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि गिरफ्तार दोनों हत्यारोपियों के पास से पुलिस ने दो राइफल व छह कारतूस बरामद किए हैं। इसमें कुलदीप अवस्थी की एक लाइसेंसी राइफल व छह कारतूस के अलावा विकल्प अवस्थी के पास से हत्यारोपी रामू पाठक की लाइसेंसी राइफल बरामद हुई है। साथ ही उनके पास मिले असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है।
सीओ ने बताया कि घटना में एक और नामजद हत्यारोपी शिवम अवस्थी की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है। इसके लिए लगातार टीमें गिरफ्तारी को दबिशें देने में लगी हुई हैं। उधर पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से प्रभारी सीजेएम डॉ.सुरेश कुमार ने दोनों आरोपियों को 27 मार्च तक की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार इटावा भेज दिया।
उक्त दोनों आरोपियों को तीन-तीन संगीन अपराधों में निरूद्ध किया गया है। जिसमें एक मामला पीड़ित आशीष चौबे द्वारा लिखाया गया हत्या का, दूसरा पुलिस द्वारा लिखाया गया प्राणघातक हमले का तथा तीसरा शस्त्र अधिनियम का है।