औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी को शुक्रवार देर रात तीन लोग घर से उठाकर एक मंदिर के पास एकांत जगह पर ले गए, जहां पर तीनों आरोपियों ने किशोरी से दुष्कर्म किया और बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर भाग गए। परिजनों को शनिवार सुबह मंदिर के पास झाड़ियों में नग्र अवस्था में किशोरी को पड़ी मिली। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ समेत अछल्दा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता से पूछताछ कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात को बेटी, अपनी मां व भाई के साथ मकान के बरामदे में सो रही थी। तभी देर रात को गांव के गौरी, नेपाली उर्फ देवेश कुमार व कुलदीप किसी तरह बरामदे में आए और बेटी को उठाकर अपने साथ गांव में स्थित एक मंदिर के पास एकांत जगह पर ले गए।