मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कालेज बन जाने से यहां के नौजवानों को डॉक्टरी की पढ़ाई करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। नौजवान डॉक्टर बनेंगे। साथ ही जिले को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज से औरैया समेत आसपास के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिले को लगभग 450 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। 280 करोड़ की लागत से बनने वाले राजकीय मेडिकल कालेज का शिलान्यास किया। वहीं, 109 करोड़ की लागत से 12 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
विज्ञापन
इस दौरान सीएम ने कहा, 2024 तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेडिकल कालेज बन जाएंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हंोंगी और नौजवानों को रोजगार मिलेगा। ककोर मुख्यालय के तिरंगा पायका मैदान में मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज का शिलान्यास किया।
इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज सभी के लिए करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात लेकर आएं हैं। यह सब इसलिए संभव हो सका है, क्योंकि जिले की जनता ने अच्छे सांसद और विधायक चुनकर भेजे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज बन जाने से यहां के नौजवानों को डॉक्टरी की पढ़ाई करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। नौजवान डॉक्टर बनेंगे। साथ ही जिले को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज से औरैया समेत आसपास के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा।
इसके बाद उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन सभी को सरकार चलाने के कई अवसर मिले, लेकिन स्वास्थ्य सेवा नहीं सुधरी। 2017 के पहले प्रदेश के चिकित्सालयों में लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस नहीं होती थी। भाजपा की सरकार की बनते ही लाइप सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराई।
1947 से लेकर 2017 तक 70 वर्षों में प्रदेश में 12 मेडिकल कालेज थे। हमारी सरकार सभी जिलों में एक-एक मेडिकल कालेज देने जा रही है। जिसमें 32 मेडिकल कालेजों में काम चल रहा है। आज प्रदेश बदल रहा है, प्रदेश की छवि बदल रही है।
पहले अपराधी और माफिया गरीब, व्यापारी, बेटी और बहनों का जीना हराम कर देते थे। पहले होड़ लगती थी कि माफियाओं को कौन कितना गले लगाकर राजनैतिक रोटी सेंके। आज सब को मालूम है कि माफिया पर बुलडोजर चल रहा है तो माफिया के शरण देने वालों पर भी बुलडोजर चलेगा।
सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस पर काम कर रही है। प्रदेश के अंदर सभी को सुरक्षा का वातावरण दिलाया गया है। पहले त्योहार आते ही दंगे शुरू हो जाते थे। आस्था पर कुठाराघात होता था और छोटे-बड़े व्यापारियों की कमाई भी लूट ली जाती थी।
आम लोगों पर झूठे मुकदमे लगाकर उनकी जुबान बंद की जाती थी। हमारी सरकार के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ। हमनें ऐसा करने वालों को सात पीढ़ियां याद दिलाने का काम किया है। अगर करोगे तो ब्याज सहित वसूली होगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बाल सेवा योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान कार्ड के 15 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया। इस दौरान शिक्षा व चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, सांसद इटावा रामशंकर कठेरिया, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आलोक कुमार सिंह, मंडलायुक्त राजशेखर, आईजी प्रशांत कुमार, जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा मौजूद रहे।