सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुए एक ऑडियो के बाद पुलिस महकमा सकते में आ गया। ऑडियो में एक युवक अपने को कानपुर का अधिवक्ता बताकर कोतवाल से अभद्रता करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कोतवाली की चौकी मुरादगंज में कुछ दिन पहले वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस व बाइक सवार की कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसी बीच इस प्रकरण को लेकर एक युवक ने कोतवाल ललितेश नारायन त्रिपाठी को फोन पर कॉल की। खुद को अधिवक्ता बताते हुए ड्यूटी के दौरान गुटखा खाने की बात कहकर अभद्रता करने लगा। उसने गाली गलौज भी दी। कोतवाल ललितेश नारायन त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।