औरैया हादसे (ट्रक-ट्राला भिड़ंत में कई मजदूरों की मौत का मामला) में ट्रक चालकों व मालिकों पर रिपोर्ट दर्ज होने से कानपुर के ट्रांसपोर्टरों ने रविवार को कड़ा विरोध जताया। साथ ही कमिश्नर को ज्ञापन देकर रिपोर्ट वापस कराने की मांग की।
यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश गांधी और महामंत्री मनीष कटारिया की अगुवाई में कमिश्नर से मिलने पहुंचे ट्रांसपोर्टरों ने चालकों, मालिकों पर रिपोर्ट को गलत बताया। कहा कि हादसे के लिए ये लोग जिम्मेदार नहीं हैं।
ट्रकों पर प्रवासी मजदूर जबरिया चढ़ाए जा रहे हैं। जिस ट्रक से हादसा हुआ है, उसमें प्रवासी श्रमिकों को पुलिस प्रशासन ने ही बैठाया था। जगह-जगह चेकपोस्ट होने के बावजूद अधिक संख्या में सवार लोगों को रोका नहीं गया।
ट्रांसपोर्टरों ने सभी ट्रकों की जांच कराने की मांग रखी। इस दौरान रामू शुक्ला, राजेंद्र सिंह सेठी, यतीश सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, उप्र युवा ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम शुक्ला ने भी मुख्यमंत्री, डीजीपी को पत्र भेजकर रिपोर्ट वापस लेने की मांग की है। उन्होंने हादसे के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।