कानपुर देहात। रनियां थाना क्षेत्र के रायपुर-गजनेर रोड स्थित कीमती जमीन का भूमाफिया ने मुन्नीदेवी शर्मा की जगह मुन्नी देवी चौरसिया को खड़ाकर फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया। कब्जा करने और प्लाट से सामान चोरी होने पर मालिक को जानकारी हुई। अफसरों की चौखट पर चक्कर लगाने के बाद पुलिस ने मामले में दो अगस्त को पांच नामजद समेत लेखपाल, कानूनगो पर प्राथमिकी दर्ज की है।
फत्तेपुर रोशनाई निवासी मुन्नी देवी ने रनियां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि कानपुर नगर के एमआईजी 16 एसएफ बर्रा चार में रहती हैं। रायपुर-गजनेर रोड पर उनकी बेसकीमती जमीन है। ये जमीन उन्हें परिवार नियोजन के तहत पट्टे में मिली थी। आरोप है कि एक फरवरी 2026 की शाम पांच बजे के करीब कुछ लोगों ने कब्जा करने की नीयत से उनके प्लॉट में तोड़फोड़ के साथ अंदर रखा सरिया, बल्ली सहित डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। इस पर वह बेटे राजेंद्र भट्ट के साथ मौके पर पहुंचीं और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर आई गजनेर थाना पुलिस ने रनियां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी थी। इस पर वह रनियां थाने गईं। वहां पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इधर जानकारी करने पर पता चला कि रनियां निवासी अमित शर्मा ने कानूनगो व लेखपाल से सोची समझी साजिश के तहत षड़यंत रचकर कूटरचित प्रपत्र तैयार कर उनके स्थान पर गांव की मुन्नी देवी चौरसिया को खड़ा कर अकबरपुर के सब रजिस्ट्रार कार्यालय में फर्जी तरीके से बैनामा अपने ससुर 128/54 यशोदानगर निवासी रामप्रसाद भट्ट के नाम नौ लाख रुपये में दो जून 2025 को करवा लिया है।
बैनामा में आर्य नगर फत्तेपुर रोशनाई के विजय कुमार कुशवाहा व अविनाश सिंह ने गवाही दी। बताया कि उन्हें ये भी जानकारी हुई कि उक्त जमीन को अमित शर्मा ने जूही लाल कॉलोनी कानपुर नगर निवासी संजय गुप्ता को अवैध तरीके से बेचने का प्रयास किया। इसकी नोटरी लिखा पढ़ी भी कराई। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच दो मार्च को आरोपियों ने उसकी जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया। उसके बाद प्लॉट की चाभी रनियां थाने में जमा करवा ली गईं। आरोप लगाया कि लेखपाल, राजस्व अधिकारी व पुलिस आरोपी के प्रभाव में आकर गलत रिपोर्ट लगा रहे हैं।
.....................परिवार नियोजन योजना के तहत मिला था पट्टा
मुन्नी देवी शर्मा ने बताया कि वर्ष 1986 में उन्हें परिवार नियोजन योजना के तहत गांव की गाटा संख्या 1308 में 16 विस्वा चार बिस्वांसी जमीन का पट्टा मिला था जो संक्रमणीय भूमिधर दर्ज है। जिसकी देखरेख परिवार के लोग करते चले आ रहे हैं। इस जमीन की पैमाइश कराने के लिए उसने वर्ष 2019 में समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद उसकी जमीन की पैमाइश कराकर कब्जा और चौहद्दी प्रदान की गई थी।
.................
बयान.....
शिकायत पर अमित शर्मा, मुन्नी देवी चौरसिया, विजय कुमार कुशवाहा, अविनाश सिंह, रामप्रसाद भट्ट, लेखपाल, कानूनगो व अन्य पर चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड़यंत्र संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश कुमार गौतम, थानाध्यक्ष रनियां
......................
पट्टे का पुराना मामला था। इसके बाद जमीन का बैनामा कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि गलत बैनामा करवाया है। मामला सिविल कोर्ट से जुड़ा होने की जानकारी शिकायतकर्ता को दे दी गई थी। - पवन कुमार, तहसीलदार सदर