यूपी के हरदोई में पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। इसके तहत रौजा थाना क्षेत्र के बदमाश की छह लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी पर कई थानों में गंभीर धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं।
उत्तर प्रदेश में हो रही अपराधियों की संपत्ति कुर्की की कार्रवाई के बाद अपराधियों में हड़कंप का माहौल है। साथ ही प्रशासन आरोपियों और गैंगस्टर्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी कर रहा है। इसी क्रम में हरदोई जिले में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी चांद मोहम्मद की संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की इसके तहत आरोपी की छह लाख रुपये से अधिक की कीमत की बोलेरो को जब्त किया गया है।
विज्ञापन
डीएम अविनाश कुमार के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर के आरोपी पर कार्रवाई की है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि शाहजहांपुर जनपद के रौजा थाना क्षेत्र के रुकनपुर निवासी चांद मोहम्मद पुत्र मुबारक गैंगस्टर का आरोपी है। उसके खिलाफ शाहाबाद और शाहजहांपुर थाने में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
उसने गैंग बनाकर लोगों को डरा धमकाकर संपत्ति बनाई थी। एसपी ने बताया कि मझिला थाना प्रभारी ने टीम के साथ शुक्रवार को उसकी छह लाख रुपये कीमत की बोलेरो कुर्क कर ली है।