लाश ढूंढने के लिए नहर किनारे हुई खुदाई
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के घाटमपुर में भीतरगांव स्थित नहर किनारे लापता युवक की लाश मिलने की अफवाह ने शनिवार की दोपहर हंगामे का रूप ले लिया। कंसाई गांव (फतेहपुर) निवासी लापता युवक के परिजन और बड़ी संख्या पहुंचे ग्रामीणों ने साढ़ पुलिस चौकी के बाहर जमकर हंगामा किया। साथ ही पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की भी की। बढ़ते हंगामे को देखकर कई थानों की फोर्स बुला ली गई।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (आरए) के आश्वासन के बाद हंगामा कर रहे लोग शांत हुए। फतेहपुर जिले के बकेवर थाना के कंसाई गांव निवासी राजेलाल सोनकर (35) रामबाग कानपुर में पत्नी-बच्चों के साथ रहकर मजदूरी करता है। 17 मई को वह कानपुर से अपने गांव कंसाई जा रहा था। तभी, रास्ते में जसरा गांव के लोगों ने उसको पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया था।
लापता युवक के परिजनों ने किया चौकी का घेराव
- फोटो : अमर उजाला
उसके ऊपर एक युवती से छेड़खानी करने का आरोप था। घटना के बाद से कंसाई और जसरा गांवों के लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी है। पुलिस के मुताबिक, सीमाक्षेत्र के दोनों गांवों की दूरी मुश्किल से एक किलोमीटर है। शनिवार की सुबह किसी ने गायब युवक का शव साढ़ चौकी क्षेत्र के बरईगढ़ गांव के पास नहर किनारे पड़ा होने की सूचना कंसाई गांव के लोगों को दी।
जिसपर कंसाई गांव से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक जगह जमीन की खोदाई करके लाश की तलाश की, लेकिन, वहां कुछ नहीं मिला। इससे उत्तेजित होकर वह पुलिस चौकी साढ़ पहुंचे और हंगामा करने लगे। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस चौकी के भीतर घुसकर सिपाहियों से अभद्रता और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
पुलिस चौकी पर हंगामा करते लापता युवक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
एक महिला सिपाही के हाथ से डंडा छीन लिया। नर्वल थाने के इंसपेक्टर को सिर फोड़ देने की धमकी दी। महिलाएं हाथ में ईंटा-पत्थर लेकर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। सूचना पर कोतवाल हरमीत सिंह साढ़ पहुंचे। इधर, एसपी ग्रामीण प्रदुम्न सिंह भी पहुंच गए। एसपी ग्रामीण के समझाने पर कंसाई गांव के लोग शांत हुए।
कंसाई गांव के गायब युवक राजेलाल सोनकर के बारे में किसी ज्योतिषी ने उसके परिजनों को बताया कि उसकी लाश नगर किनारे गड़ी हुई है। इस सूचना पर कंसाई गांव के लोग कथित ज्योतिषी को साथ लेकर नहर किनारे खोजबीन करने पहुंचे थे। उन्होंने उसकी बताई जगह पर खोदाई भी की। पुलिस ने कथित ज्योतिषी को हिरासत में ले लिया है।