भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के हराहरा गांव के एक मंदिर से राधा-कृष्ण की
मूर्तियां चोरों ने पार कर दिया। चोरों ने मूतियों को पहनाए गए चांदी के
मुकुट व सोने के गहने पार कर दिए। मूर्तियां करीब 150 साल पुरानी अष्टधातु
की बताई गई हैं। एक करोड़ रुपए कीमत का अनुमान लगाया गया। डीएसपी और
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट पहुंचे। खोजी कुत्ता भी बुलाया गया। पुजारी की तहरीर
पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुजारी हराहरा निवासी राममहेश तिवारी ने बताया
कि करीब 150 साल पहले उनके पूर्वजों ने मंदिर बनवाकर अष्टधातु की मूर्तियां
स्थापित कराई थीं। चांदी के मुकुट और सोने के गहने पहनाये गए थे।
रोजना की
तरह आरती के बाद गत शुक्रवार की शाम मंदिर के दरवाजे और बाउंड्री के चैनल
गेट में ताले लगाकर एक निमंत्रण में चले गए थे। देररात लौटने पर चैनल में
लगा ताला देखकर घर चले गए। शनिवार की सुबह चैनल का ताला खोलकर अंदर पहुंचने
पर मंदिर का दरवाजा खुला था और उसका कुंडा टूटा पड़ा था। वहीं मंदिर में
सिंहासन से दोनों मूर्तियां नदारत थीं।
सूचना पर पहुंचे अकबरपुर के
डीएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मंदिर परिसर में ही एक बैग में शराब की
शीशी, एक खाली बैग, सिगरेट की खुली डिब्बी, ब्रेड, टूटा सोने की बाली और
चांदी के मुकुट का टुकड़ा बरामद किया गया है। कोतवाल अनिलकुमार ने बताया कि
पुजारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वारदात का जल्द खुलासा करने के
लिए पुलिस टीम सक्रिय हो गई है।