कानपुर देहात। मलासा ब्लॉक का एक युवक चार दिन पहले कोरोना संक्रमित पाया गया था। इस पर उसके संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट में उसके साथ मुंबई और गुजरात गया युवक भी संक्रमित पाया गया है। हालांकि दोनों में ही कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को घर में ही आइसोलेट कर दिया है।
मलासा ब्लॉक निवासी एक युवक गांव के ही साथी के साथ 12 दिसंबर को मुंबई फिर इसके बाद गुजरात गया था। वहां से 23 दिसंबर को दोनों वापस आए थे। पेशाब करने में कुछ दिक्कत हुई तो युवक 27 दिसंबर को मलासा सीएचसी में इलाज के लिए गया। वहां मुंबई व गुजरात जाने की जानकारी मिलने पर चिकित्सकों ने कोरोना जांच के लिए युवक का सैंपल लिया गया।
बुधवार देर शाम आई रिपोर्ट में युवक संक्रमित पाया गया। इस पर उसे घर में ही आइसोलेट कर दिया गया था। डॉक्टरों की टीम ने उसके परिवार व संपर्क में आने वाले 42 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए जीएसवीएम कानपुर भेजे थे। जांच के बाद जारी रिपोर्ट में 41 लोगों के निगेटिव व एक युवक के संक्रमित होने की जानकारी मिली।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि दोनों संक्रमित युवक मलासा गांव निवासी हैं। दोनों साथ में गुजरात और मुंबई गए थे। दूसरे युवक की रिपोर्ट गुरुवार शाम आई है। स्वास्थ्य टीम ने घर में ही उसे आइसोलेट कर दिया है। जिला संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वाले बीस लोगों का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है।