डेरापुर। राष्ट्रपति के अपने पैतृक गांव परौंख में संभावित आगमन को लेकर गांव में बने एएनएम सेंटर में टाइल्स लगने का काम शुरू हो गया। इसके साथ ही सेंटर की रंगाई पुताई भी तेजी से हो रही है।
राष्ट्रपति के गांव परौंख में दस साल पूर्व तत्कालीन ग्राम प्रधान सलीम मंसूरी के कार्यकाल में एएनएम सेंटर का निर्माण हुआ था। उक्त सेंटर पर कुछ दिन एएनएम ने रहकर टीकाकरण का कार्य किया। कुछ समय बाद सेंटर पर एएनएम के नहीं रहने से यह बदहाल हो गया। वहीं अब राष्ट्रपति के संभावित आगमन के चलते एएनएम सेंटर का कायाकल्प शुरू कराया गया है।
सेंटर पर टाइल्स लगाने के साथ पुताई का काम जारी है। ग्राम विकास अधिकारी सुधीर कटियार ने बताया कि एएनएम सेंटर के दरवाजे खिड़की भी टूट गए हैं। इन्हें भी ठीक कराया जाएगा। इसके साथ आंगनबाड़ी केंद्र की भी रंगाई पुताई कराई जा रही है।
परौंख गांव में किए जा रहे कामों की समीक्षा
कानपुर देहात। सीडीओ सौम्या पांडेय ने अफसरों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। इसमें उन्होंने राष्ट्रपति के पैतृक परौंख में कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अफसरों से कहा कि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
सरकारी योजना को गांव के पात्र लोगों तक हर हाल में पहुंचा दिया जाए। गांव में फिलहाल किए जा रहे कामों को नियमित रूप से देखरेख की जाए और जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि मुंगीसापुर से डेरापुर व डेरापुर से मंगलपुर तक के रास्ते का सुंदरीकरण पर भी चर्चा की गई।