अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी (2014-15) में शानदार प्रदर्शन करने वाले शहर के क्रिकेटर अलमास शौकत को बीसीसीआई ने सौगात दी है।
एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन (852 रन) बनाने पर इस ग्रुप (अंडर-23) में उसे एमए चिदंबरम ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। यह ट्रॉफी बेस्ट क्रिकेटर को दी जाती है। बीसीसीआई की ओर से पांच जनवरी को मुंबई में होने वाले वार्षिक समारोह में उन्हें यह अवार्ड दिया जाएगा।
सूटरगंज निवासी अलमास शौकत ने 2014-15 में हुए अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी में यूपी की तरफ से खेलते हुए सीरीज में सर्वाधिक 852 रन बनाए। क्वार्टर फाइनल में केरल के खिलाफ डबल सेंचुरी (217 रन) बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। इसके बाद सेमीफाइनल में विदर्भ के खिलाफ 175 रन बनाकर यूपी को फाइनल में पहुंचाया।
हिमाचल के साथ हुए फाइनल में 73 रन बनाकर यूपी को जीत दिलाई। इससे पहले अंडर-19 में अलमास शौकत ने 713 रन बनाए थे। हाल में हुए रणजी ट्रॉफी में अलमास ने सात मैच खेले। इसमें भी उसने डेब्यू मैच में मध्य प्रदेश के खिलाफ 138 रन बनाए थे। चार अर्धशतक भी जड़े।
कोच शशीकांत खांडेकर ने कहा कि यूपी में पहली बार अंडर-23 में एमए
चिदंबरम अवार्ड किसी खिलाड़ी को दिया जा रहा है। यह प्रदेश के लिए गौरव की
बात है। इससे ज्यादा शहर के लिए यह गौरव की बात है। मेरे पास 12 साल की
उम्र में वह ट्रेनिंग लेने आया था। वह बचपन से जुनूनी है। एक दिन वह इंडिया
टीम में जरूर सेलेक्ट होगा।
‘मेरे लिए न्यू ईयर गिफ्ट है’
बेस्ट क्रिकेटर के लिए चुना जाना मेरे लिए नए साल का गिफ्ट है। यह अवार्ड मेरे क्रिकेट कॅरियर को आगे बढ़ाने में ऊर्जा देगा। मैं इंडिया टीम के लिए खेलना चाहता हूं। आने वाले मैच में और बेहतर प्रदर्शन करूंगा ताकि इंडिया टीम में सेलेक्ट हो सकूं।