कई अवार्ड जीत चुकी आईआईटी की स्टार्टअप कंपनी ‘फूल’ ने बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ठ को भी खासा प्रभावित किया है। आलिया ने इस कंपनी में निवेश किया है। हालांकि निवेश कितने का है, इसका खुलासा नहीं किया गया है। कंपनी के संस्थापक अंकित अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी पुष्टि की है।
आलिया ने कंपनी की तारीफ में कहा है कि नदियों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए फूलों से धूपबत्ती और अगरबत्ती बनाने का जो काम अंकित ने शुरू किया है, उससे वे बहुत प्रभावित हुई हैं। महिलाओं को रोजगार देने और चमड़े के विकल्प के रूप में फूलों से फ्लैदर बनाने का भी सराहनीय काम किया है।
धूपबत्ती की सुगंध और पैकेजिंग की भी आलिया ने प्रशंसा की है। अंकित ने कंपनी की शुरुआत 2017 में की थी। इसमें मंदिरों से निकलने वाले फूलों को एकत्र करके फ्लावर साइकिलिंग टेक्नोलॉजी से धूपबत्ती और अगरबत्ती बनाते हैं। इस स्टार्टअप का मुख्य उद्देश्य नदियों को प्रदूषण से बचाना था।