पुलवामा में आतंकी हमला होने के बाद शहर पुलिस सहित सुरक्षा एजेंसियां भी चौकन्नी हो गई हैं। एसएसपी ने शहर में अलर्ट जारी कर दिया है। एसएसपी ने सभी थानेदारों को क्षेत्रों में सतर्कता से गश्त करने के आदेश दिए हैं। किसी तरह की लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
एसएसपी अनंत देव ने रेलवे स्टेशन पर समय-समय पर चेकिंग के आदेश दिए हैं। साथ ही शहर के सभी थानेदारों को रात में गश्त कर चेकिंग करने को कहा है। खासकर घंटाघर के होटलों में अभियान चलाकर चेकिंग कर लोगों का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी केआदेशानुसार जो भी देर रात घूमते नजर आएं तो उसने पुलिस पूछताछ कर जानकारी हासिल करें कि आखिर वह कहां जा रहा है और किस काम से जा रहा है। यदि इस दौरान किसी पर संदेह है तो आलाधिकारियों को जानकारी देकर उस पर कार्रवाई करें। होटलों में यदि कोई बगैर आईडी व बिना एंट्री के ठहरा है तो उसकी पड़ताल कर होटल पर कार्रवाई की जाए।
एसएसपी ने बताया कि प्रत्येक थानेदार जिन-जिन व्यक्तियों की चेकिंग करेगा, उसका पूरा विवरण कैप ऑफिस में दर्ज करवाना होगा। इसमें उसका नाम, पता, मोबाइल नंबर और रात में घर से निकलने का कारण दर्ज करना होगा। पुलिस इस विवरण का सत्यापन करेगी। कोई झोल मिलेगा तो उस पर कार्रवाई करेगी।