यूपी के औरैया जिले में अखिलेश यादव ने शनिवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में जनता सबक सिखायेगी। भाजपा के सभी झूठे वादे जनता जान चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस आदि के दाम बढ़ा दिये। नौजवानों के लिये इस सरकार ने कोई रोजगार नहीं दिया। घोषणा पत्र के अनुसार भाजपा ने अभी तक कोई वादा पूरा नहीं किया है। किसान खेतों में मेहनत कर रहा है। भाजपा ने किसान बिल लाकर किसानों की जमीन हड़पने का काम किया है।
भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री अपने ही क्षेत्र की समीक्षा कर लें। पता चल जायेगा। किसान, महिलाएं, नौजवान, आम जनता कहीं भी भाजपा का खाता नहीं खुलने देगी। सभी इस सरकार से नाराज हैं। अखिलेश बोले कि भाजपा के लोग नकली हैं। नकली वादे हैं। कोई भी घोषणा पत्र में किया गया वादा पूरा नहीं किया गया है।
इस सरकार में फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। भाजपा को तो नक्शा तक पता नहीं है, वह सड़कें क्या बनाएगी। चुनाव व गठबंधन पर भी अखिलेश ने खुलकर बात की। कहा कि चाचा का दल छोटा है और समाजवादी पार्टी छोटे दलों को मिलाएगी।
सरकार बनने के बाद करेंगे अहम काम
अखिलेश यादव ने भाजपा का पत्ता साफ होने के बाद फिर से सपा की सरकार बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार एम्बुलेंस की व्यवस्था फिर से सुधारेगी। मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी आदि बनवाएंगे। आम जनता को समय से न्याय मिल सके और अपराधियों पर समय से कार्रवाई हो सके इसके लिये पुलिस के अच्छे इंतजाम किये जाएंगे। लैपटॉप दिये जाएंगे।