पं. प्रेमनाथ शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह फेल साबित हो रही है। गाय, गंगा और गड्डा में सरकार ने साढ़े चार साल में हजारों करोड़ रुपये बर्बाद कर दिए, नतीजा कुछ नहीं रहा।
वह गुरुवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अखिलेश यादव अपने सहपाठी गौतम शर्मा के पिता की तेरहवीं संस्कार में महोबा आए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से जनता नाराज है। साथ ही कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में सपा को चार सौ सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में भाजपा जिम्मेदार है, फरार आईपीएस को नहीं पकड़ पा रही है। इस सरकार में इतना अपराध बढ़ गया है कि आईपीएस तक भगोड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि शिवपाल की पार्टी सहित सभी क्षेत्रीय दलों को साथ लाने का काम करेंगे।
साथ बुंदेलखंड की सभी सीटें जीतने का दावा भी किया। साथ ही कहा कि सपा को माफिया बताने वाले मुख्यमंत्री बताएं उनके खिलाफ कुल कितने मुकदमे थे। भाजपा कभी भी एक्सप्रेसवे नहीं बना पाएगी। उन्होंने महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत के मामले में हाईकोर्ट के सिटिंग जज के नेतृत्व में जांच कराए जाने की मांग की।