कानपुर। सीएसजेएमयू और सारस एआई इंस्टीट्यूट के बीच हुए एमओयू के तहत सोमवार को स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए दो क्रेडिट एआई कोर्स शुरू किए गए। इस दौरान सीएसई, सीएसई-एआई और एमसीए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। सारस एआई इंस्टीट्यूट के चीफ सक्सेस ऑफिसर शैलेश कुमार ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और एआई की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एआई हर क्षेत्र का अहम हिस्सा बनेगा इसलिए छात्रों को इसकी शुरुआती समझ जरूरी है। यूआईईटी निदेशक डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों का सहयोग विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करेगा। छात्रों को पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति, लर्निंग आउटकम और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रो. रॉबिन्स पोरवाल, डॉ. मोहम्मद शाह आलम और डॉ. पुष्पा मेमोरिया मौजूद रहे।