कानपुर। दक्षिण क्षेत्र के पांच वार्डों के 60 हजार लोगों की सीवर की समस्या छठ पूजा के बाद खत्म हो जाएगी। जलनिगम की ओर से तीन करोड़ रुपये से चावला मार्केट चौराहे से सीटीआई नहर तक नई सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसका ठेका मेसर्स सुपर इंजीनिरिंग कंपनी को दिया गया है।
पहले चरण के लिए एक करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है। इसके साथ ही सड़क निर्माण और दो वार्डों के बीच इंटरकनेक्शन लाइन डालने के लिए भी दो करोड़ रुपये और खर्च किए जाएंगे। कुल मिलाकर तीन करोड़ रुपये की परियोजना से लोगों को सीवर और खराब सड़कों की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
वहीं, विधायक महेश त्रिवेदी ने बताया कि कार्य का उद्घाटन हो चुका है। इससे गोविंद नगर और जूही के कई वार्डों की सीवर समस्या समाप्त होगी।
—
पांच वार्डों में फैली बदबू और गंदगी
गलत दिशा में बिछी और क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की वजह से वार्ड 93, 47, 07, 02 और 16 में सीवर की बड़ी समस्या है। करीब 60 हजार की आबादी प्रभावित है। सीवर का पानी सड़कों और नालों में भर जाने से गोविंदनगर और जूही क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है। स्थानीय पार्षदों ने कई बार निगम सदन में यह मुद्दा उठाया जिसके बाद जलनिगम ने सुधार कार्य के लिए टेंडर जारी किए।
—-
इंटरकनेक्शन लाइन से सुगम निकासी
वार्ड 93 के पार्षद नवीन पंडित के अनुसार, 50-50 लाख रुपये की लागत से वार्ड 93 और 48 में इंटरकनेक्शन लाइन बिछाई जाएगी। इससे सीवर का प्रवाह एक ही मुख्य लाइन से होकर सनिगवां ट्रीटमेंट प्लांट तक जाएगा।