कानपुर देहात। जनपद में लगातार हो रही वर्षा, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने को कहा है। एडीएम ने लोगों शनिवार को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए पूर्व तैयारी और सावधानी के उपाय बताए। कहा कि समय रहते सजग रहकर जन-धन की हानि को रोका जा सकता है। एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि आमजन एंड्रॉइड फोन में सचेत और दामिनी मोबाइल एप डाउनलोड कर सकते हैं। इन एप्स के जरिये मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी और एडवाइजरी समय पर मिल जाती है, इससे संभावित खतरे से बचा जा सकता है। बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थान, जर्जर भवनों, ऊंचे पेड़ों और खंभों के नीचे शरण न लें, बल्कि तत्काल किसी पक्के भवन में जाएं। सतर्कता बरतते हुए घर में पानी के नल, फ्रिज, टेलीफोन और विद्युत उपकरणों को न छूएं। जबकि खुले में जाते समय धातु की डंडी वाले छाते या कृषि उपकरणों का प्रयोग न करें। तालाब, नदी और जलाशयों से दूरी बनाए रखें व समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग रहें। कहा कि पशुओं को भी सुरक्षित व पक्के स्थानों पर बांधा जाए। (संवाद)
......................
आपातकालीन स्थिति के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि वज्रपात से किसी के प्रभावित होने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं और 112 पर सूचना दें। आपात स्थिति के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का टोल-फ्री नंबर 1077 व मोबाइल नंबर 9044070030 और 9454416429 चौबीसों घंटे के लिए सक्रिय रखा गया है।