पुलिस गिरफ्त में जनसेवा केंद्र संचालक।
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। कस्बे में आधार कार्ड बनाने में वसूली करने वाले अनुदेशक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से फरार चल रहा था।
उच्च प्राथमिक विद्यालय कपासी खुर्द डेरापुर में तैनात अनुदेशक सूर्यभान सिंह को बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए लैपटॉप व अन्य उपकरण विभाग की तरफ से दिए गए थे। उनका दुरुपयोग करके रूरा कस्बा के मिश्रा मार्केट में रखकर लोगों के आधार कार्ड बनाकर वसूली कर रहा था। जानकारी पर नौ सितंबर को एसडीएम सदर आनंद कुमार सिंह व बीएसए सुनील दत्त ने छापामारा था। अवैध वसूली की पुष्टि होने पर खंड शिक्षा अधिकारी डेरापुर उदयनारायन कटियार ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। थाना प्रभारी अमित शुक्ला ने बताया कि फरार चल रहे अनुदेशक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया।