कानपुर देहात। जनपद में अब तक 70 फीसदी से अधिक डिजिटाइजेशन हो गया है। जबकि हकीकत में काम बहुत बाकी है। इसको लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में भरे गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की सात दिन की मोहलत और मिल गई है। इसका उपयोग करने के लिए अब बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाकर ले रहे हैं।
विधानसभा अकबरपुर रनियां में 328342 मतदाता हैं। रसूलाबाद में 327582 और सिकंदरा में 334514 मतदाता हैं। वहीं भोगनीपुर विधानसभा में 345709 मतदाता हैं। एआरओ के मुताबिक चारों विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के डिजटाइजेशन का फीसदी 70 के पार हो गया है। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की टीम लगाकर भी बीएलओ द्वारा जमा कराए गए गणना प्रपत्रों को एप पर अपलोड किया जा रहा है। इधर चुनाव आयोग ने पुनरीक्षण कार्यक्रम एक सप्ताह बढ़ा दिया है। इसमें अब 4 दिसंबर के बजाय 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा सकेगा। अनंतिम मतदाता सूची अब 9 दिसंबर की बजाय 16 दिसंबर को जारी की जाएगी।
इसी क्रम में पर्यवेक्षण कार्य में लगे अधिकारी भी मिले समय के अनुसार काम पूरा कराने में जुट गए हैं। अकबरपुर नगर पंचायत के ईओ आशीष कुमार सोमवार को कन्हैयानगर में पहुंचे। वहां उन्होंने बीएलओ के साथ घर-घर जाकर एसआईआर गणना प्रपत्र भरवाए। यहां सभासद प्रतिनिधि बबलू भारती, बीएलओ सुनील राजपूत, शिवनाथ कुशवाहा व नगर निकाय कर्मी मौजूद रहे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से सात दिन एसआईआर की सीमा बढ़ाई है। तय अवधि में काम पूरा कराने पर जोर है।