कानपुर देहात। थाना क्षेत्र के बाघपुर निवासी युवक बुधवार रात को मौसी के घर से निकलने के बाद अपने घर नहीं पहुंचा। खोजबीन में पता न चलने पर परिजन ने गुरुवार दोपहर को पुलिस से शिकायत की। मोबाइल नंबर को ट्रेस कर पुलिस शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर बाघपुर के पास सड़क किनारे पहुंची। यहां गड्ढे में घायल अवस्था में युवक पड़ा मिला। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां से हैलट जाने पर उसीकी मौत हो गई।
बाघपुर निवासी स्वपनिल राज (30) बुधवार को रुदापुर निवासी मौसी के यहां कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात में वहां से निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंचे। पत्नी जाग्रति कमल ने बताया कि पति रात 10 बजे के करीब रुदापुर से बाइक लेकर घर के लिए निकले थे। देर रात तक घर न आने पर परिजन ने उनकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर गुरुवार दोपहर एक बजे परिजन ने पुलिस को सूचना दी।
शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने स्वपनिल का मोबाइल नंबर ट्रेस किया। उनकी लोकेशन शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर बाघपुर के पास की निकली। पुलिस को छानबीन के दौरान स्वपनिल घायल हालात में झाड़ियों में बाइक सहित पड़े मिले। पुलिस ने उन्हें सीएचसी शिवली पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए हैलट कानपुर नगर रेफर कर दिया। हैलट में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अनहोनी पर परिजन रोने लगे। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का है। सड़क किनारे झाड़ियां उगी होने से लोगों की नजर उस पर नहीं पड़ी है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।