कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में शनिवार देर रात बाइक सवार 10 से 12 युवकों ने 22 वर्षीय लकी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रात 12:15 बजे गोपाला चौराहे पर हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी, एसीपी कल्याणपुर रंजीत सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोपाला टावर निवासी राज बहादुर का इकलौता बेटा लकी देर रात चौराहे के पास मोबाइल पर बातें कर रहा था। इस बीच बाइक सवार 10 से 12 युवक आए और देखते ही देखते उस पर हमला कर दिया। अचानक लाठी-डंडे चलने से आसपास खड़े लोग भी हिम्मत नहीं कर सके।
लकी पर हमला करने के बाद बाइक सवार उसे धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। पिता और अन्य रिश्तेदार लकी को लेकर कार्डियोलॉजी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में मां लक्ष्मी और छोटी बहन पूजा है।