यूपी के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के पढ़ोरी के मजरा नई दिल्ली डेरा में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सुबह इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला। शव के समीप ही एक मरी हुई नागिन भी निकली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के पढ़ोरी के नई दिल्ली डेरा निवासी धरमवीर उर्फ धम्मा (35) पुत्र लल्लू ठठेरा बुधवार रात संदिग्ध हालत में कुएं में जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीणों की नजर कुएं के अंदर पड़ी तो धरमवीर का शव देख हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने कुएं में उतरने का प्रयास किया तभी उनकी नजर धरमवीर के शव के बगल में एक नागिन पर पड़ी। जिससे किसी ने कुएं में उतरने की जहमत मोल नहीं ली। ग्रामीणों ने नागिन को मारने के बाद धरमवीर के शव को कुएं से बाहर निकाला। मगर ये नहीं कहा जा सकता कि नागिन जिंदा थी। शव को कुएं से बाहर निकालते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।