जसवंतनगर। मोहल्ला फक्कड़पुरा का युवक हरियाणा के गुरूग्राम में रहकर शादी समारोह में सजावट का काम करता था। वहां कूलर में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, मोहित कश्यप (26) निवासी मोहल्ला फक्कड़पुरा सोमवार को गुरूग्राम स्थित घर पर कूलर ठीक कर रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। मोहित पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। मां विमलेश कुमारी और पत्नी शिल्पी कश्यप का रो-रोकर बुरा हाल है। शिल्पी गर्भवती भी है। मंगलवार को मोहित का शव मोहल्ले में पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।