कानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में छत्रपति शाहूजी महाराज विवि (सीएसजेएमयू) और नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को योग पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। योगा फॉर हेल्दी ऐजिंग थीम पर आधारित पखवाड़े में योग शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, व्याख्यान व कार्यशालाओं का आयोजन होगा। अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानवता को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। योग व आयुर्वेद के समन्वय से स्वस्थ समाज का निर्माण होगा।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में संचालित योग पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं। मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह ने कहा कि योग और आयुर्वेद आधारित जीवनशैली रोगों की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाती है। प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से वृद्धावस्था को स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बनाया जा सकता है।
समन्वयक डॉ. रामकिशोर ने बताया कि योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिए जा रहे हैं। नीमा वूमेन फोरम की सचिव डॉ. वंदना पाठक ने योग और आयुर्वेदिक आहार के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन पर ईशा फाउंडेशन की ओर से ध्यान कार्यशाला का आयोजन किया गया।