शिवली। थाना क्षेत्र के रामगंगा नहर मार्ग पर चंपतपुर-बराखेड़ा गांव के सामने बुधवार सुबह आठ बजे पुलिस लिखी कार ने बाइक सवार किसान को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन ने मुआवजा व बेटे को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग कर रोड जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने नाराज लोगों को समझाकर आर्थिक सहायता व मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। इस दौरान तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
चंपतपुर मैथा निवासी बउवन सेंगर (55) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार सुबह वह बाइक से किसी काम से किसान नगर जा रहे थे। गांव के बाहर राम गंगा नहर मार्ग पर चंपतपुर-बाराखेड़ा गांव के सामने पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला।
अनहोनी की जानकारी पर किसान की मां विंधेश्वरी, पत्नी साधना सिंह, भाई भरत सिंह, शत्रुघन सिंह, बहन निशा, मीरा, गुड्डा, पुत्र नीरज, नरेंद्र व बेटी निधि रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। इधर गांव से भी लोग जा पहुंचे। ग्रामीणों ने हादसा करने वाली कार में पुलिस लिखा व डैशबोर्ड पर उप निरीक्षक की कैप रखी देख हंगामा कर सड़क जाम कर दी। इधर परिजन 40 लाख रुपये मुआवजा व बेटे को पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर एसडीएम मैथा श्याम नारायण शुक्ला, सीओ आलोक कुमार, थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान भजपुरा क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य पति राघवेंद्र सिंह उर्फ लकी ने भी परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों की ओर से आर्थिक सहायता व आरोपी पर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजन 11 बजे के करीब शांत हुए।
इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से राहगीरों को परेशानी हुई। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसा करने वाली कार को कब्जे में लिया गया है। हादसे के बाद परिजन की ओर से जाम लगाया था। उनको समझा कर जाम खुलवाया गया है। मामले में तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।