पुआल के ढेर से फ्रॉक का टुकड़ा मिला
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को फ्रॉक का टुकड़ा मिला है। मेडिकल साक्ष्यों के लिए पुलिस ने बच्ची के कपड़ों को सुरक्षित किया है। आरोपी के कपड़े भी सुरक्षित किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि घटना करीब रात पौने 12 बजे के आसपास की है। इसी समय अगवानी हो रही थी। अगवानी में सारे लोग व्यस्त थे। डीजे के शोर में किसी को कुछ पता नहीं लगा।
समारोह में बच्चों का रखें ख्याल
शादी, मेले जैसे आयोजनों में अभिभावकों की जरा सी चूक बच्चों को जिंदगी भर का जख्म दे जाती है। खखरेरू थाना क्षेत्र में बच्ची से हैवानियत के मामले ने बच्चों के प्रति संजीदगी व सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सभी को झकझोर दिया है। भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में शामिल आपके बच्चों के साथ हैवानियत से लेकर हत्या तक की जघन्य वारदात हो सकती है। जिले में हुईं कुछ घटनाओं की रिपोर्ट...
केस-1
शादी से लापता शिवम लोधी की हत्या
मामला आठ दिसंबर 2022 थरियांव थाने के हासिमपुर भेदपुर गांव का है। गांव निवासी शिवम लोधी (12) शादी से लापता हो गया था। शादी में पिता, चचेरा भाई साथ गए थे। शिवम जयमाल देखने की वजह से समारोह में रुका था। 17 दिसंबर को गांव किनारे स्थित तालाब में बोरे में उसका शव मिला था। शिवम को अगवा करने के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने किसी तरह मामले का पटाक्षेप किया था। ग्रामीणों की नजरों में हत्याकांड अनसुलझा है। अभिभावक शिवम को अकेला नहीं छोड़ते तो शायद वह उनके बीच होता।
केस-2
बहन की शादी में युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या
अहमदाबाद से बहन की शादी में शामिल होने आई युवती को 26 जून 2023 को गेस्ट हाउस से अगवा किया गया था। खंडहर में युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। यह घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। सदर कोतवाली क्षेत्र के ज्वालागंज निवासी सोनू उर्फ सिकंदर हत्याकांड का मुख्य आरोपी निकला था। शादी समारोह से युवती अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने कई घंटे बाद युवती की तलाश शुरू की थी। परिवार के सदस्य निगरानी बनाए रखते तो शायद घटना नहीं होती।
पुलिस व्यक्तिगत आयोजनों पर निगरानी नहीं रख सकती है। भीड़भाड़ वाली जगह पर छोटे व नाबालिग बच्चों को लेकर जाने वाले परिवार और अभिभावकों को उनके प्रति सावधान रहना चाहिए। बच्चों को गुड और बैड टच की जानकारी देनी चाहिए। जिससे वह भले ही उनका करीबी हो, उसकी नीयत को भांप सके। -विजय शंकर मिश्र, एएसपी