कानपुर। मतदान के लिए कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र से करीब दो सौ मीटर दूर तक वाहन ले जा सकता है। किसी के बहकावे, लालच और दबाव में आने की बजाय अपने साधन से मतदान केंद्र तक जाएं और वहां लाइन में लगकर वोट डालें। किसी तरह की दिक्कत आने अथवा कुछ गलत होता दिखे तो पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर तुरंत सूचना दें। पुलिस निष्पक्ष और शांति पूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए पूरी तैयार है। डीआईजी अमिताभ यश ने यह बात पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर संबोधन में कही।
उन्होंने मंगलवार की शाम सुरक्षाकर्मियों और अफसरों से कहा कि बुधवार को वे मतदान ड्यूटी मुस्तैदी से करें। सभी बावर्दी, डंडा और रायफल लेकर तैनाती स्थल पर पहुंचे। मतदाताओं से नम्रतापूर्वक व्यवहार करें। गड़बड़ी और अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटें। डीआईजी ने शहरियों को संबंधित करते हुए कहा कि मतदान के लिए मतदाता वाहन से मतदान केंद्र से दो सौ मीटर दूर तक जा सकते हैं पर पानी की बोतल और मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं मिलेगी। सुबह निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचे। लाइन में खड़े होकर मतदान करें। इसके बाद अपने घर को लौट जाएं। मतदान के बाद हाथ की अंगुली में स्याही को न मिटाएं। यदि ऐसा पाया गया, तो माना जाएगा कि फर्जी मतदान के लिए स्याही को मिटाया गया है। ऐसा करने वाले शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी की मामला दर्ज होगा। उसे जेल भी जाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि शहर में धारा 144 लागू है। किसी भी स्थान पर चार और उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। डीआईजी ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि शांति पूर्ण और निष्पक्ष मतदान के कराने के लिए पुलिस बल तैयार है। चप्पे-चप्पे पर उसकी निगाह है। गड़बड़ी करने वाले किसी भी तरह बच नहीं सकेंगे। इसलिए अपेक्षा है कि मतदान में सभी लोग पुलिस का सहयोग करेंगे।