कानपुर। नरेंद्र मोदी की 19 अक्तूबर को प्रस्तावित रैली का स्थान फिर बदल गया है। पहले रेलवे ग्राउंड निराला नगर फिर फूलबाग और अब कल्यानपुर में इंदिरा नगर के पास बुद्घा पार्क के सामने की खाली पड़ी जगह को तय किया गया है। शुक्रवार देर शाम भाजपा की ओर से नई जगह पर रैली आयोजित कराने संबंधी आवेदन प्रशासन को दिया गया।
देर शाम दिए गए इस आवेदन के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया। तत्काल एक टीम ने मौके पर जाकर मैदान का निरीक्षण किया। इस बारे में भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि प्रदेश इकाई के निर्देश पर यह परिवर्तन किया गया है। फूलबाग की क्षमता कम होने की वजह से प्रदेश प्रभारी अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के साथ प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की एक बैठक की। जिसमें कानपुर महानगर इकाई से मैदान के विषय में ढेर सारी जानकारी लेने के बाद उसे तत्काल बदलने को कहा गया।
करीब तीन दिन पहले नरेंद्र मोदी की रैली फूलबाग में कराने का मौखिक आदेश प्रशासन ने दिया था। लिखित आदेश को लेकर कोई जवाब नहीं आ रहा था। इस वजह से पार्टी के लोग भी असमंजस में थे। शुक्रवार की दोपहर बाद तक प्रशासन की ओर से कहा जाता रहा कि अभी पुलिस रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। जिस नई जगह पर रैली की बात कही जा रही है वहां करीब 600 स्क्वायर फीट की खुली जगह है। जिसमें अनुमान है कि तीन लाख से अधिक लोग आ सकते हैं।