कानपुर। प्रमुख सचिव (गृह) आरएम श्रीवास्तव और डीजीपी एसी शर्मा ने कानपुर नगर को विशेष दर्जा वाला शहर बताया। बोले, यहां का सुरक्षा खाका भी मजबूत बनाएंगे। कई बड़े प्रोजेक्ट मंजूर हुए हैं और फंड भी जारी हो चुका है। बस, जल्द ही काम भी शुरू हो जाएगा। बेहतर ट्रैफिक संसाधन के लिए आठ करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
दोनों अफसरों ने बताया कि जाजमऊ में नया फायर स्टेशन बनेगा, इसके लिए धन अवमुक्त कर दिया गया है। जेल को शहर से बाहर किया जाएगा। यूपीएसआईडीसी से नई जेल के लिए जमीन मिल गई है। इस जेल की जमीन को नागरिक सुविधाओं के लिए केडीए या यूपीएसआईडीसी को सौंपा जाएगा। बादशाहीनाका, मूलगंज और बर्रा थाना बहुमंजिला बनेगा। टीपी लाइन बनेगी बहुमंजिला आवासीय कॉलोनी। प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। जल्द ही धन भी अवमुक्त होगा। अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनेगा। जीपीआरएस तकनीक से जुड़ेंगे वाहन और थाने। शहर में जन सहयोग से कई जगह लगवाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे।
अपराध रोकने के लिए टिप्स दिए
-नाबालिग मामलों में लगाया जाए एनएसए। सौहार्द्र्र बिगाड़ने वालों पर गुंडा एक्ट लगाएं।
-महिलाओं का उत्पीड़न करने वालों के शस्त्र लाइसेंस रद करने पर हो रहा विचार।
-छेड़छाड़ में शोहदों पर कड़ी कार्रवाई करें। नाबालिग से छेड़छाड़ पर लगाएं चाइल्ड प्रोटेक्टशन एंड सेक्सुअल ऑफेंसेस एक्ट-2012
-गलतफहमी में ही पुलिस पिटती है। इससे पुलिस कर्मी खुन्नस में कार्रवाई न करें। बल्कि आरोपी पर कानून के तहत कार्रवाई करें।
-छोटे झगड़े ही बाद में बड़े बनते हैं। इसलिए समय रहते शुरुआती क्षण में ही ऐसी कार्रवाई करें कि मामला न बढ़ सके।
-मित्रवत पुलिसिंग से सड़क जाम वाला प्रदर्शन रोका जा सकता है। आमतौर पर ऊब कर ही लोग ऐसा प्रदर्शन करते हैं।
-जहां क्राइम ज्यादा हो, वहां पिकेट बढ़ाकर, गश्त तेज कर, पुलिस संख्या बढ़ाकर उस एरिया को सुरक्षित करें।
इटावा मामले को देख रहे आईजी
डीजीपी का कहना है कि इटावा में एक परिवार की पिटाई के बाद उन्हें गांव में घुमाए जाने की घटना को लेकर शासन गंभीर है। मामले की जांच हो रही है। आईजी सुनील कुमार गुप्ता भी मामले को देख रहे हैं। किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कुंडा कांड की चर्चा करते हुए कहा कि इस मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम की संस्तुति के आधार पर पुलिस वालों पर कार्रवाई की जाएगी।