बांदा। अलग-अलग घटनाओं में स्नातक छात्र और किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके। अतर्रा थाना क्षेत्र के बिसंडा रोड निवासी शोभित (20) पुत्र चुन्नीलाल ने बुधवार को घर के बाथरूम में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई शुभम ने बताया कि मृतक अतर्रा डिग्री कालेज में बीए का छात्र था। आत्महत्या की वजह वह नहीं बता सका। गौरतलब है कि दो साल पूर्व बड़े भाई रोहित कुमार ने भी फांसी लगाकर जान दे दी थी।
उधर, जसपुरा थाना क्षेत्र के नांदादेव गांव के मजरा शंकर पुरवा में सीता (16) पुत्री छोटेलाल ने मंगलवार को शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में दुपट्टे का फंदा कसकर फांसी लगा ली। पिता ने बताया कि घटना के समय अन्य परिजन खेत गए थे। सूना मौका पाकर फांसी लगाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।