अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। होली पर बुधवार को डीएम, एसपी ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इसमें बंदियों के रहने, खाने और पानी की व्यवस्था देखी। जेल अधीक्षक को जेल में व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम रखने के निर्देश दिए।
डीएम कुमार प्रशांत ने जेल के सभी 14 बैरकों की व्यवस्था और सफाई देखी। बंदियों से जेल में मिलने वाले भोजन की जानकारी ली। भोजनालय में जाकर भोजन बनाने की गुणवत्ता देखी।
डीएम ने कहा कि कारागार में मोबाइल, चाकू व ज्वलनशील पदार्थ नहीं आना चाहिए। कोर्ट में आने-जाने वाले बंदियों की रोज तलाशी ली जाए। जेल अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जेल में 1300 बंदी हैं। एक बैरक में महिला बंदियों को रखा जाता है।
इस मौके पर एसपी श्रीपर्णा गांगुली, सीडीओ एसपी आनंद, एसडीएम अवनीश राय, सीओ कपिले देव मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीके पांडेय, कोतवाली राकेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी वीएन पांडेय मौजूद रहे।