अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। मंदिर के कुएं में पुजारी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार है।
मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव स्थित शिव मंदिर में बलबीर सिंह उर्फ पप्पू (50) पुत्र सूरजबली का शव मंदिर परिसर में ही स्थित कुएं की गरारी में बंधी रस्सी पर कुएं के अंदर लटका मिला।
सुबह पूजा को आए लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में गांव के चौकीदार राकेश ने बताया कि बलवीर सिंह लगभग एक वर्ष से मंदिर में पुजारी था। वह मूल रूप से फतेहपुर जनपद के हुसैनगंज थानांतर्गत हसनापुर गांव का रहने वाला था।
यहां अकेला मंदिर में रहता था। यह भी बताया कि वह कुछ दिनों से बीमार था। उधर, मरका थाना इंस्पेक्टर रामचंद्र वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। उन्होंने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताया। कहा कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी।
-प्रथम दृष्टया पुलिस मान रही आत्महत्या
-फतेहपुर जनपद का रहने वाला था मृतक