अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात चोरों ने छह स्थानों पर धावा बोला। तीन घरों व एक दुकान में रखा लाखों का सामान, नगदी व जेवर चुरा ले गए, जबकि दो तंबाकू गोदाम व एक आटा चक्की में चोर चोरी करने पहुंचे लेकिन लोगों के जाग जाने पर उन्हें भागना पड़ा। पुलिस मामलों की छानबीन में जुटी है। अभी रिपोर्ट नहीं लिखी गई है।
गांव गऊटोला मऊरशीदाबाद निवासी सिराजुद्दीन अंसारी हृदय रोग से पीड़ित हैं। वह पत्नी व पुत्री के साथ इलाज कराने दिल्ली में रह रहे चार पुत्रों के पास गए थे। घर की चाबी दूसरे घर में रह रहे अपने पांचवें पुत्र साबिर को दे गए थे। शुक्रवार रात साबिर पिता के घर सो रहा था।
बिजली न आने के कारण रात करीब 12 बजे पिता के घर में ताला लगाकर अपने घर में चला गया। देर रात चोर मेन गेट में लगा ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे। अलमारी में रखे जेवर, गहने व नगदी चोरी कर ले गए। साबिर ने बताया कि चोर उनके घर से लाखों के गहने आदि चुरा ले गए हैं। कितना सामान ले गए इसकी जानकारी मां व पिता के आने पर होगी।
वहीं गऊटोला मऊरशीदाबाद गांव में मोहम्मद हबीब की चक्की की दुकान के ताले तोड़कर गोलक में रखे 12 सौ रुपये व कुछ पिसे आटा की बोरियां भी ले गए। वहीं चोरों ने गंाव के मोहल्ला बजरिया में धमेंद्र की चक्की की दुकान व महावीर शाक्य की तंबाकू की गोदाम के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। पर वहां मौजूद लोग जागे तो चोर भाग गए।
गांव अताईपुर जदीद निवासी गंगादीन शाक्य अपने घर की छत पर सो रहे थे। रात में चोर दीवार फांद कर उनके घर में घुसे। कमरे की कुंडी खोल उसमें रखे एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक जोड़ी पायल, 2 हजार रुपये नगद व पीतल के बर्तन चुरा ले गए। उनके पड़ोस में रहने वाले लालाराम पाल कुछ दिन पूर्व अपनी रिश्तेदारी थाना क्षेत्र जहानगंज के गंाव हिसमापुर गए थे। शुक्रवार की रात चोर दीवार फांदकर उनके घर घुस गए।
कमरे के दरवाजे में लगी कुंडी को तोड़कर वहां रखा सामान उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बताया कि लालाराम के घर से चोर क्या क्या ले गए हैं, इसका पता उनके वापस लौटने पर ही होगा। चोरी की घटना की सूचना पर यूपी 100 पुलिस व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। वरिष्ठ उप निरीक्षक आरएस वर्मा का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। चोरियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
-तीन घरों से जेवर, नगदी चोरी
-दो तंबाकू गोदाम में चोरी का प्रयास