बिकरू कांड में फरार आरोपी विपुल दुबे पर आईजी ने ईनामी राशि बढ़ा कर 50 हजार रुपये कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। पुलिस ने कुर्की की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिकरू कांड में विकास दुबे समेत छह बदमाश एनकाउंटर में मारे गए। 35 आरोपी जेल में बंद हैं।
आखिरी आरोपी विपुल दुबे अब तक पुलिस के हाथ नहीं आया है। डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और एसओजी को भी लगाया गया है। गिरफ्तारी न होने पर उसके घर की कुर्की की जाएगी।
मनु पांडेय पर अभी भी स्थिति साफ नहीं
बिकरू कांड में सीओ की हत्या मनु पांडेय के घर में हुई थी। मनु की कई कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई थीं। पुलिस ने चार्जशीट में मनु की भूमिका संदिग्ध बताई थी। अब फोरेंसिक जांच में मनु की आवाज की पुष्टि हुई है लेकिन पुलिस ने अभी तक मनु पर अपनी स्थित स्पष्ट नहीं की है कि उसको आरोपी कब बनाया जाएगा। ये भी चर्चा है कि उसको सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है। पुलिस के उच्चाधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
जल्द होगी जय से जेल में पूछताछ
जय के खिलाफ नजीराबाद थाने में फर्जी शपथ पत्र देकर शस्त्र लाइसेंस लेने का केस दर्ज किया गया था। इसमें पुलिस को जय के बयान दर्ज करने हैं। इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि शनिवार को कोर्ट में अर्जी पर सुनवाई होनी थी लेकिन किन्हीं कारणों की वजह से नहीं हो सकी। अब सोमवार को सुनवाई होगी।