बहुआ (फतेहपुर)। बांदा-सागर हाईवे मार्ग पर रविवार रात ललौली बाजार में मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक का एक्सल टूट गया। मौके से निकल रहे दूसरे ट्रक का भी क्लच प्लेट खराब हो जाने से जाम लग गया। करीब पांच किलोमीटर तक देर रात तक लंबा जाम लगा रहा। मशक्कत के बाद पुलिस यातायात चालू करा सकी।
ललौली कस्बे के बाजार में ट्रकों व अन्य वाहनों का आवागमन रुक जाने से यातायात अस्त-व्यस्त हो गया। कुछ देर तो लोग इधर-उधर से निकलते रहे लेकिन बाद में वहां भी वाहनों के बेतरतीब हो जाने से यातायात ठप हो गया। ललौली से लेकर चिल्ला पुल तक करीब पांच किलोमीटर व ललौली से लेकर बंधवा तक करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। जाम में रोडवेज बस व कई सरकारी वाहन भी फंसे दिखे। एंबुलेंस को भी रास्ता काफी देर तक नहीं मिल सका। जाम में देर रात तक इस मार्ग से गुजरने वाले चार पहिया वाहन भी फंसे हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मार्ग से बांदा, कबरई, महोबा, कानपुर, फतेहपुर, दिल्ली सहित अन्य जगहों के लिए लोगों का आना-जाना होता है।