सड़क हादसे में कालेज के प्रबंधक की मौत
-बाइक से बिना हेलमेट लगाए निकले थे, वाहन की चपेट में आए
अमर उजाला ब्यूरो
चकलवंशी( उन्नाव)। आसीवन थानाक्षेत्र के सुभानीखेड़ा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार इंटर कालेज के प्रबंधक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लोकमन निवासी जयशंकर तिवारी उर्फ कल्लू (42) पुत्र लाला तिवारी आसीवन कस्बे में स्थित सरदार भगत सिंह शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के प्रबंधक थे। रविवार को उन्हें पहले भाई के साथ दवा लेने जाना था। इससे पहले वह किसी अन्य काम से बाइक से निकले थे। लखनऊ-बांगरमऊ राजमार्ग पर सुभानीखेड़ा के समीप उनकी बाइक अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आ गई। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। आसीवन थाना प्रभारी निरीक्षक सियाराम ने शव को जिला अस्पताल भेजा। हादसे से पत्नी प्रतिभा, बेटी कीर्ति (14) व बेटा उदित (10) का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर, समाजसेवी शुर्जाउरहमान सफ वी, राष्ट्रीय सचिव सपा यूथ ब्रिगेड फ रान रहमान सफ वी ने परिजनों को ढांढस बंधाया।