फतेहपुर। पुलिस की परीक्षा देने आए अभ्यार्थियों ने रविवार की रात रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गुस्साए अभ्यार्थियों ने ट्रेन पर पत्थर भी फेंके और हाथ से वार कर शीशे तोड़ डाले। रेलवे प्रशासन ने जैसे-तैसे मामले को शांत कराया और 10 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया।
कानपुर से इलाहाबाद जा रही चौरीचौरा ट्रेन सोमवार को पुलिस की परीक्षा देने वाले अभ्यार्थी सफर कर रहे थे। रात को स्टेशन पर रुकते ही सभी प्लेटफार्म में उतरने लगे। दो मिनट बाद ट्रेन चल दी। तब अभ्यार्थियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को दोबारा रोक दी। इस पर रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंच गया। चेन पुलिंग की पड़ताल पर अभ्यार्थियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। आरपीएफ, जीआरपी और टीटी मौके पर पहुंच गए। रेलवे प्रशासन को देख कर अभ्यर्थियों में आक्रोश भड़क गया। कई लोगों ने ट्रैक में जाकर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इससे चौरीचौरा के स्लीपर कोच का शीशा टूट गया। आरपीएफ प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि ट्रेन का स्टेशन में दो मिनट रुकने का समय है। ट्रेन के दो मिनट रुकने के बाद सिग्रल हरा हो गया। ट्रेन से सभी यात्रियों के न उतर पाने पर अभ्यार्थियों ने हंगामा किया है। ट्रेन में किसी प्रकार के नुकसान पहुंचाने का मामला सामने नहीं आया है।
परीक्षार्थियों का स्टेशन पर हंगामा
- रेलवे प्रशासन ने जैसे-तैसे कराया मामले को शांत
- चौरीचौरा 10 मिनट बाद स्टेशन से हुई रवाना
अमर उजाला ब्यूरो