कानपुर देहात। जिले के रायपुर से लेकर कालपी सीमा तक कुल 27 ब्लैक स्पॉट कट चिह्नित किए हैं। जिन्हें अब बंद कराया जाएगा। यह जानकारी डीएम को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मेें दी गई है।
कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक की गई। एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि रायपुर से कालपी तक करीब 27 ब्लैक स्पॉट कट हैं। जिनको बंद किया जाना है। डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर जल्द से जल्द ब्लाक स्पॉट कट को बंद कराएं। जिससे हादसों को रोका जा सके।
एआरटीओ प्रर्वतन सोमलता यादव ने बताया कि एनएचएआई की ओर से टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने हैं। डीएम ने परिवहन व पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क में उल्टी साइड से चलने वाले वाहनों का अभियान चलाकर चालान किया जाए।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। हाइवे किनारे खड़े होने वाले वाहनों का ज्यादा से ज्यादा चालान करें। बैठक में एसपी केशव कुमार चौधरी, एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, एआरटीओ प्रशासन मनोज वर्मा, अभिषेक कनौजिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन
कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन पर बुधवार को सारथी भवन सभागार में गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें टेंपो, टैक्सी यूनियन व ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार वर्मा ने यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। कहा कि यातायात के सभी नियम जन सामान्य की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।
इनका कड़ाई से पालन करने पर हादसों से बचा जा सकता है। एआरटीओ प्रवर्तन सोमलता यादव ने वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने व कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पीटीओ आनंद राय कुरील, आरआई सतेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)