फोटो 11 एमएएचपी 01 परिचय-जिलास्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में दमखम दिखाते छात्र। संवाद
महोबा। माध्यमिक विद्यालयों की जनपद स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता शहर के संत जोसफ्स स्कूल में आयोजित हुई। मुख्य मुकाबला सेंट जोसेफ स्कूल की टीम-ए और टीम-बी के बीच हुआ। टीम-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा सचिव माध्यमिक अमित राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है। डीआईओएस प्रेमचंद यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए।संत जोसफ्स स्कूल की टीम-ए और टीम बी के बीच फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। पहले हाफ में टीम-ए ने 25-21 के अंतर से बढ़त बनाई जबकि दूसरे हाफ में टीम-ए ने 24-21 के अंतर से बढ़त बनाई।
दोनों हाफ के कुल स्कोर के आधार पर संत जोसफ्स स्कूल की टीम-ए ने 49-42 के अंतर से टीम-बी को पराजित किया। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित छात्र अब मंडल स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में जनपद महोबा का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर निशांत सिंह, अनुदेशवाल, रेनू, पुष्पराज सिंह आदि मौजूद रहे।