कानपुर देहात। रूरा स्थित पंडित ओम प्रकाश महाविद्यालय में शुक्रवार को जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेला लगाया गया। इसमें निजी क्षेत्र की नौ कंपनियों ने 232 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया है।
रोजगार मेला का शुभारंभ जिला रोजगार सहायता अधिकारी शशि तिवारी ने किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मेले में कुल 395 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए आवेदन किया। इन अभ्यर्थियों का निजी क्षेत्र की नौ कंपनियों ने साक्षात्कार लिया। प्रतिनिधियों ने 232 अभ्यर्थियों को 11 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर रोजगार के लिए चयनित किया है, जबकि 163 अभ्यर्थियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
मेला के बाद अभ्यर्थियों की कॅरिअर काउंसलिंग भी की गई। जिसमें उन्हें रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। यहां सेवायोजन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक तेज प्रताप सत्यार्थी, अनुज यादव, कनिष्ठ सहायक विनोद कुमार, महाविद्यालय प्रबंधक विपिन कुमार शर्मा, प्राचार्य राम किशोर मिश्रा आदि मौजूद रहे।