उन्नाव। लोकसभा चुनाव 2019 में किसी भी प्रत्याशी ने मैदान नहीं छोड़ा। शुक्रवार को एक भी पर्चा वापस नहीं हुआ। जिसके बाद प्रशासन ने 9 उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए।
जनपद मेें लोकसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 2 अप्रैल को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। 9 अप्रैल तक नामांकन हुए थे। कुल 19 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। 10 अप्रैल को स्क्रूटनी के दौरान शपथपत्र में गड़बड़ी के कारण 10 पर्चों को खारिज कर दिया गया था।
12 अप्रैल पर्चा वापसी का अंतिम दिन था। शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक कोई भी उम्मीदवार नाम वापसी के लिए नहीं पहुंचा। समयसीमा समाप्त होने के बाद शेष बचे 9 प्रत्याशियों को लोकसभा चुनाव में ताल ठोंकने की अनुमति मिल गई। इसके बाद उम्मीदवारों को प्रशासन ने चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि लोकसभा चुनाव में 9 उम्मीदवार हैं। इन्हें चिन्ह आवंटित कर दिया गया है। अब यही प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे।
किसी को चुनाव चिह्न मिला टेलीविजन तो किसी को लूडो
शुक्रवार को जिला प्रशासन ने सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए। राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय पार्टियों के दावेदारों को दल का ही सिंबल मिला। भाजपा के साक्षी महाराज को कमल, कांग्रेस की अन्नू टंडन को हाथ का पंजा, सपा के अरुण शंक र शुक्ला को साइकिल, प्रसपा के सतीश शुक्ला को चाभी चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ। वहीं भारत प्रभात पार्टी से लड़ रहे छेदीलाल को लूडो, अखंड राष्ट्रवादी पार्टी के सत्येंद्रनाथ गौड़ को ईंटा, नागरिक एकता पार्टी के उमर खान को टेलीविजन, आजाद भारत पार्टी के शैलेश कुशवाहा को गुब्बारा, जनहित किसान पार्टी के दीपक चौरसिया को ट्रैक्टर चलाता किसान चुनाव चिन्ह मिला है।
-शुक्रवार को नाम वापसी के दौरान एक भी पर्चा नहीं हुआ वापस
-चुनाव चिन्ह किए गए आवंटित, 29 अप्रैल को होना है मतदान