अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गांव चौपई मेें प्रेमप्रसंग के चलते दस दिन पहले हुई युवक की हत्या के मामले में शनिवार को भी गोताखोरों ने सई नदी में शव की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर, पुलिस ने बिना शव मिले ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौपई गांव निवासी रमेश कोरी (18) की 15 अगस्त की रात पिता अयोध्या कोरी बड़े भाई देशराज व चचेरे भाई रामकुमार पुत्र सतऊ ने गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग के चलते नशे की हालत में मार दिया था। हत्या करने के बाद शव घर के पीछे शौचालय बनाने के लिए बनाए गए टैंक में छिपा दिया था।
शनिवार को दुर्गंध फैलने पर तीनों ने शव ट्रैक्टर ट्राली में रखकर गांव से करीब चार किलोमीटर दूर नीमटीकर गांव के सामने सई नदी में फेंक दिया था। दो दिनों से पुलिस शव की नदी में तलाश करा रही है लेकिन शनिवार तक शव नहीं मिला। पुलिस ने बिना शव मिले ही पिता, भाई सहित तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को भी एसओ ने तीन घंटे गोताखोरों से शव की तलाश कराई लेकिन शव नहीं मिला। एसओ सुनीता चौरसिया ने बताया कि तलाश कराई गई लेकिन शव नहीं मिला है। युवक के परिजनों ने हत्या करने व शव नदी में बहाने की बात को स्वीकार किया है।
- एसओ के मुताबिक, पिता व भाई ने मारने के बाद शव नदी में बहाने की भी बात कबूली