अमर उजाला ब्यूरो
किशनपुर(फतेहपुर)। मोबाइल से बात करते वक्त कुएं में गिरने से युवक की मौत हो गई। सामने खड़ी बहन के शोर मचाने पर ग्रामीण उसे एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाल सके। असोथर थाने के सरकंडी गांव निवासी किसान इंद्र कुमार तिवारी की बड़ी बेटी किशनपुर थाना के लोहारनडेरा गांव में ब्याही है।
इंद्र कुमार का इकलौता बेटा रोशन (18) व रोशन से छोटी बहन जूली (14) दस साल से बहनोई राजेंद्र मिश्र के यहां रहते थे। रोशन सुबह साढ़े आठ बजे घर से बाल्टी लेकर स्नान के लिए घर के पास स्थित हैंडपंप गया था। कुछ लोगों के आ जाने से वह बाल्टी लेकर कुएं के चबूतरे पर चला गया। अचानक मोबाइल की घंटी बजने पर रोशन बात करने लगा। वह बातचीत करते-करते असंतुलित होकर कुएं में जा गिरा। यह देखकर बहन ने शोर मचाया तो परिवार के लोग दौड़ पड़े। पांच ग्रामीण कुएं में रस्सा डालकर उतरे। एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे निकाल पाए, तब तक मौत हो चुकी थी।
एसओ किशनपुर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया लगता है कि कुएं में गिरने से रोशन को तगड़ी चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।