अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। नवागंतुक मंडलायुक्त रामविशाल मिश्रा और जिलाधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने अफसरों को चेताया कि शिकायतें अनावश्यक लंबित की तो खैर नहीं। मंडलायुक्त ने अफसरों को स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजकर चेकिंग कराई और शाम को रिपोर्ट तलब की। समस्याओं को सुनने के बाद उन्होंने 11 मामलों का मौके पर हल कराया। अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि समाधान दिवस में आए फरियादियों को मायूस नहीं होना चाहिए। यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है।
सदर तहसील में मंडलायुक्त ने 138 फरियादियों की शिकायतें सुनी। 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। तहसील दिवस में मौजूद अफसरों को स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजकर निरीक्षण कराया। शाम तक रिपोर्ट तलब की। एसडीएम थमीम अंसरिया व तहसीलदार अवधेश कुमार निगम समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। उधर, बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील समाधान दिवस में मंगलवार को डीएम दिव्य प्रकाश गिरि और एसपी शालिनी ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। डीएम ने कहा कि आईजीआरएस, थाना समाधान दिवस और संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतें समय से व गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण कराएं।
अनावश्यक लंबित रखा या फर्जी निस्तारण की शिकायत मिलेगी तो अधिकारियों पर गाज गिरेगी। समाज कल्याण विभाग ने स्टाल लगाकर मुख्यमंत्री विवाह योजना संबंधी जानकारी फरियादियों को दी। एसपी शालिनी ने कहा कि समाधान दिवस में पुलिस संबंधी शिकायतों का ग्राफ बढ़ रहा है। इससे साफ है कि थानों पर फरियादियों का टरकाया जाता है। यह स्थिति ठीक नहीं है। शिकायतों का वरीयता से निस्तारण कराएं। सीडीओ रामकुमार सिंह, परियोजना निदेशक आरपी मिश्रा, मनरेगा उपायुक्त विकास मिश्रा मौजूद रहे। अतर्रा में एसडीएम प्रह्लाद सिंह की अध्यक्ष में 97 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर दो का निस्तारण कराया। नरैनी में राकेश कुमार की मौजूदगी में समाधान दिवस में 84 शिकायतों में छह का निस्तारण हुआ।
बांदा। आयुक्त रामविशाल मिश्रा ने मंडल के चारों जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने जिले के सभी विकास कार्यों का हर महीने 10 से 20 तारीख के बीच सत्यापन करें और रिपोर्ट दें। आयुक्त ने मंडल स्तर पर सत्यापन कार्य का नोडल उप निदेशक एसएन त्रिपाठी को नामित किया है। इसके अलावा चारों जनपदों में वहां के मुख्य विकास अधिकारियों को नोडल नियुक्त किया है। आयुक्त ने आगाह किया है कि भेजी गई रिपोर्ट और मौके की स्थिति में भिन्नता पाई गई तो दोषी अधिकारी और कर्मचारी को दंडित किया जाएगा। सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद मंडलीय नोडल रेंडम चेकिंग करेंगे।
-कमिश्नर ने आंगनबाड़ी व स्कूलों में कराई चेकिंग