कानपुर। मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी की परीक्षा नीट-एसएस में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने परचम लहराया है। इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में मेडिकल कॉलेज के 21 रेजीडेंट डॉक्टरों का चयन हुआ है। इसमें रेजीडेंट ने देश में आठवीं, 40वीं और 45वीं रैंक हासिल की है। नीट-एसएस परीक्षा में सबसे अधिक सर्जरी विभाग के 11 रेजीडेंट डॉक्टर पास हुए हैं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सबसे अधिक जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने सुपर स्पेशियलिटी की परीक्षा पास की है। प्राचार्य ने बताया कि नीट-एसएस की परीक्षा में 11 रेजीडेंट पास हुए हैं जिनमें डॉ. आयुष्य को 40वीं और डॉ. पीयूष को 45वीं रैंक मिली है। मेडिसिन विभाग से सात रेजीडेंट डॉक्टरों ने परीक्षा पास की। स्त्री रोग विभाग से एक रेजीडेंट डॉक्टर सोनाली को नीट-एसएस में देश में आठवीं रैंक मिली है।
नाक, कान, गला रोग विभाग से एक रेजीडेंट डॉक्टर को सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि नीट-एसएस परीक्षा पास करने के बाद सर्जरी के रेजीडेंट को एमसीएच और मेडिसिन के रेजीडेंट को डीएम डिग्री के लिए प्रवेश मिलेगा।