सरेराह पिता-पुत्र को पीटकर दो हजार रुपये छीने
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर के गल्ला मंडी परिसर से गुजर रहे पिता-पुत्र को कुछ युवकों ने अकारण ही गाली देकर पीटाई कर दी। पुत्र की जेब में रखे दो हजार रुपये भी छीन लिए। पीड़ित पिता-पुत्र ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
शंकर बाजार निवासी बब्बू प्रसाद पुत्र कदुआ ने बताया कि शनिवार की सुबह वह पुत्र पंकज के साथ उसके स्कूल की फीस जमा कराने जा रहा था। गल्ला मंडी परिसर से गुजरा तो वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोककर गाली गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध किया तो पांचों आरोपियों ने दौड़कर पिता पुत्र को पकड़ लिया और पिटाई कर पुत्र की जेब में रखे फीस के दो हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद गाली देते हुए भाग गए।
घायल पिता पुत्र ने दोपहर को कोतवाली में पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।