अमर उजाला ब्यूरो
बिल्हौर। तहसील क्षेत्र से गुजरी जीटी रोड के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण का कार्य समय से शुरू हो सके इसके लिए एनएच अलीगढ़ के अफसर लगातार एसडीएम कार्यालय के संपर्क में हैं, लेकिन क्षेत्रीय लेखपालों के द्वारा समय से रिपोर्ट प्रेषित न करने से कई प्रकार की बाधाएं आ रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने लापरवाही बरतने वाले कई लेखपालों को कड़ी फटकार लगाई। वहीं एडीएम भू अधिपत्य ने राजस्व निरीक्षकों को चेतावनी देते हुए समय से रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए हैं।
तहसील क्षेत्र के 47 गांवों में सिक्स लेन जीटी रोड का निर्माण कार्य अगस्त और सितंबर से शुरू होना है। एनएचएआई लगातार भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्यों को पूरा करने के लिए राजस्व अधिकारियों के साथ जुटी हुई है। जीटी रोड चौड़ीकरण में जा रहे खेतों की सूची का घर-घर सर्वेक्षण का आदेश करीब दो सप्ताह पहले दिया गया था, लेकिन समय गुजर जाने के बाद भी आधे से अधिक गांवों के लेखपालों से सूची जमा नहीं की। मंगलवार को आए एनएचएआई के एसके सिंह ने मामले की शिकायत एडीएम भू-अधिपत्य केहली सिंह और एसडीएम बिल्हौर विनीत कुमार से की, जिसके बाद दोनों अफसरों ने राजस्व निरीक्षकों तत्काल बुलाकर कड़े दिए जबकि लेखपालों को कड़ी फटकार लगाई। एडीएम भू-अधिपत्य ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का कार्य शासन की वरीयता वाला है, इसलिए जो भी अफसर-कर्मी ढिलाई बरतेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।