टीओडी जोन के दायरे में आ रहे हैं करीब 20 हजार मकान
केडीए ने 2022 में इन दोनों कॉरिडोर के दोनों तरफ 500-500 मीटर दायरे को टीओडी जोन घोषित किया था। 2.60 करोड़ वर्गमीटर जमीन इस दायरे में आ रही है। इस संबंध में केडीए बोर्ड से स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार टीओडी जोन के दायरे में आ रहे करीब 20 हजार मकान या भूखंड स्वामी आवासीय भवनों में भी व्यवसायिक उपयोग के लिए संशोधित नक्शे पास करा सकेंगे और उनमें शोरूम, दुकानें, कार्यालय आदि बना सकेंगे।
शासन तैयार करेगा गाइडलाइन
इसी तरह क्रय योग्य एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) खरीदते हुए संशोधित नक्शा पास कराकर वे एक से दो अतिरिक्त मंजिल भी बना सकेंगे। 27 जनवरी को आवास विकास के प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीनों विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिए गए कि वे टीओडी जोन में मिश्रित भू-उपयोग के लिए नियम, शर्तें बनाकर अपने-अपने बोर्ड में प्रस्ताव रखें और वहां से स्वीकृत कराकर शासन भेजें। फिर शासन इसके लिए गाइडलाइन तैयार करेगा, जो इन शहरों में लागू होगी।
अभी एकल भू-उपयोग वाले नक्शे हो रहे पास
टीओडी जोन के अंतर्गत केडीए ने नक्शे पास करना भी शुरू कर दिया है, पर अभी एकल भू-उपयोग वाले नक्शे ही पास हो रहे हैं। इसके तहत तिलकनगर में पलोमा रियलिटी का बेसमेंट, ग्राउंड प्लस 32 मंजिला टॉवर में फ्लैट बनाने के लिए और सर्वोदयनगर में रीजेंसी का बेसमेंट, ग्राउंड प्लस 9 फ्लोर का व्यावसायिक नक्शा स्वीकृत हुआ है। पर, मिश्रित भू-उपयोग वाले नक्शे पास नहीं हो रहे हैं। काकादेव निवासी दिनेश कुमार, गोशाला हमीरपुर रोड के शैलेंद्र, हरवंशमोहाल के राजू राठौर आदि ने बताया कि वे मिश्रित भू-उपयोग के लिए नक्शा पास कराना चाहते हैं। इसके लिए केडीए में जानकारी की तो पता चला कि शासन से गाइडलाइन जारी होने पर नक्शे स्वीकृत होंगे।
12 मीटर चौड़ी सड़क पर 200 वर्ग मीटर के प्लॉट पर बन सकेंगी चार मंजिल
यदि आपका 200 वर्ग मीटर का प्लाट है और वह निर्मित क्षेत्र में 12 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे है, तो आपको ढाई एफएआर मिलेगा अर्थात उसमें चार मंजिल तक निर्माण का नक्शा पास हो सकता है। इसी तरह इतने बड़े और इतनी ही चौड़ी अविकसित क्षेत्र की सड़क के किनारे प्लॉट है, तो एफएआर बढ़ने से पांच मंजिल तक का निर्माण संभव हो सकता है।
मिश्रित भू-उपयोग के नक्शे पास नहीं हो पा रहे हैं। इसके लिए शासन से जल्द ही गाइडलाइन जारी होने की संभावना है। -मनोज कुमार, मुख्य नगर नियोजक, केडीए
अधिकारियों की बैठक कर टीओडी जोन में मिश्रित भू-उपयोग के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करूंगा। जल्द ही बैठक कराई जाएगी। -मदन सिंह गर्ज्याल, उपाध्यक्ष, केडीए